- बुलंदशहर रोड स्थित RCM एंटरप्राइज पर आयोजित हुआ स्वागत समारोह; एनडीए गठबंधन की मजबूती पर चर्चा
हापुड़। रविवार को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री डॉ. रामदास आठवले तथा पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता के हापुड़ आगमन पर शहर के प्रमुख स्थानों पर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इसी क्रम में बुलंदशहर रोड स्थित प्रसिद्ध समाजसेवी हाजी मोबीन के संस्थान आरसीएम एंटरप्राइज पर एक विशेष स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। यहाँ राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामदास आठवले और प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता का कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर भव्य अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आरपीआई (आठवले) के हापुड़ जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि एनडीए गठबंधन देश के हर वर्ग के विकास और सामाजिक न्याय के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया गठबंधन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए तत्पर है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से माइनॉरिटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष छोटे खां, समाजसेवी हाजी मोबीन, डॉ. अबरार, एडवोकेट जुबेर खान सहित पार्टी के जनपद स्तरीय सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।


