रिपोर्ट: अनुज सिंह
हापुड़। उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ की 58-धौलाना विधानसभा सीट पर राजनीतिक हलचल लगातार तेज़ होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवार के रूप में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह चौहान क्षेत्र में लगातार व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। धार्मिक, सामाजिक और जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र की राजनीति में एक नया समीकरण बनता नजर आ रहा है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रताप सिंह चौहान धौलाना विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध गांव सपनावत पहुंचे। जहां उन्होंने हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने जा रहें युवाओं के दल से विशेष मुलाकात की। उन्होंने बोल-बम के जयकारों के बीच शिवभक्त कांवड़ियों का माला पहनाकर स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनकी धार्मिक यात्रा के निर्विघ्न, सफल एवं सकुशल संपन्न होने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस दौरान ग्रामीण व कांवड़ियों से संवाद करते हुए प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी कांवड़ियों के लिए भोजन, विश्राम व जलपान की विशेष व्यवस्था की जाएगी और उनके आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रताप सिंह चौहान का जोरदार स्वागत किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास, स्थानीय समस्याओं तथा आगामी राजनीतिक दिशा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता, पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



