हापुड़। पिलखुवा स्थित दिनेश नगर अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन में विवादित पद को लेकर चल रहा तनाव एक बार फिर गहरा गया है। एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने विवादित अध्यक्ष पर शांति व्यवस्था भंग करने, कर्मचारियों को धमकाने और अंतरिम बॉन्ड (Interim Bond) की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए थाना पिलखुवा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के सचिव सुमित कुमार सारस्वत द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि संस्था के आंतरिक गठन व अध्यक्ष पद की वैधता का मामला वर्तमान में माननीय कमिश्नर (मेरठ मंडल) की अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि इसके बावजूद विवादित अध्यक्ष अजय कुमार कश्यप द्वारा सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क में अवैध छूट का लालच देकर निवासियों को भड़काया जा रहा है और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कर्मचारियों को धमकाने का आरोप
शिकायत पत्र के अनुसार, आरोपी द्वारा अपने सहयोगियों के साथ प्रशासनिक दफ्तर में घुसकर बिलिंग व एकाउंट्स स्टाफ के साथ गाली-गलौज और नौकरी से निकालने की धमकी देने का मामला भी सामने आया है।
जमानती बॉन्ड के उल्लंघन की शिकायत
एसोसिएशन का कहना है कि हाल ही में पिलखुवा पुलिस की आख्या पर सक्षम न्यायालय द्वारा आरोपी को धारा 116 (दंड प्रक्रिया संहिता) के तहत शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु "अंतरिम बंधपत्र" (Interim Bond) से पाबंद किया जा चुका है। इसके बावजूद इन नियमों का सरेआम उल्लंघन (Breach of Bond) किया जा रहा है।
15 अगस्त से पूर्व शांति भंग की आशंका
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते आरोपी के खिलाफ त्वरित निरोधात्मक व दंडात्मक कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो सोसाइटी में हिंसक झड़प की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। एसोसिएशन ने पुलिस से मांग की है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर परिसर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और प्रशासनिक कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान की जाए।



